Placeholder canvas

भारत और UAE के बीच बनी सहमति, 12 से 26 जुलाई तक स्पेशल फ्लाइट चलाने पर दोनों देश राजी

भारत सरकार मिशन वंदे भारत के जरिये खाड़ी देशों में फंसे हुए लोगों को वापस ला रही है। वहीं अभी तक कई हज़ार लोग वापस अपने देश भी आ चुके हैं। इस बीच भारत में फंसे यूएई के निवासियों की वापसी को लेकर बृहस्पतिवार को नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एक बड़ी घोषणा की है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने घोषणा करी है कि भारत और यूएई दोनों देशों के बीच 12 जुलाई से 26 जुलाई तक चलने वाली अपनी चार्टर उड़ानों के दोनों तरफ की आवाजाही पर योग्य यात्रियों को ले जाने की अनुमति देने के लिए सहमत हो गए हैं। जिसके बाद अब भारत में फंसे हुए UAE के नागरिक वापस अपने देश जा सकते हैं।

वहीं इस घोषणा को लेकर एयर इंडिया एक्सप्रेस के सीईओ के. श्याम सुंदर ने ट्विटर पर कहा है कि  ‘यह घोषणा करते हुए ख़ुशी हो रही है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस ने यूएई के रेजिडेंट परमिट वाले भारतीयों को ले जाने के लिए भारत और यूएई के बीच 12 से 26 जुलाई के बीच अपनी उड़ानें शुरू करने का फैसला किया है।’

इससे पहले भारत सरकार संयुक्त अरब अमीरात में फंसे हुए लोगों को वापस लाने के लिए एयर इंडिया के विमानों के जरिये उड़ाने संचालित कर रहा था। वहीं इन उड़ानों के जरिये किसी भी यात्री को भारत से खाड़ी देश ले जाने की अनुमति नहीं थी। वहीं इस परेशानी को लेकर भारत में फंसे हुए संयुक्त अरब अमीरात के वैध निवासी लगातार दोनों देशों के बीच उड़ानों की कमी को लेकर शिकायत कर रहे हैं। जिसके बाद अब भारत सरकार ने  इन उड़ानों को लेकर ये बड़ी घोषणा की है।

भारत और UAE के बीच बनी सहमति, 12 से 26 जुलाई तक स्पेशल फ्लाइट चलाने पर दोनों देश राजी

आपको बता दें, कोरोना वायरस की वजह से भारत ने सभी निर्धारित अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों को 23 मार्च को निलंबित करने का फैसला किया था और इसे अभी भी जारी रखा गया है। जिसकी वजह से भारत में कई विदेशों के लोग फंसे हुए हैं।